सोनभद्र में 150 किलो गांजा बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार

सोनभद्र:-सोनभद्र पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए 150 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में होली पर्व के मद्देनज़र सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान को वाराणसी–शक्तिनगर मार्ग पर संदिग्ध अवस्था में खड़े एक आयशर गुड्स कैरियर की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन में लदे एल्यूमिनियम बंडलों के पीछे छिपाकर रखे गए आठ प्लास्टिक बोरों से कुल 150 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत लगभग 22.50 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से वाहन चालक अनन्ता द्वारी (39 वर्ष), निवासी जनपद अंगुल, उड़ीसा को गिरफ्तार कर लिया।
उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन, नगद धनराशि और वाहन से संबंधित दस्तावेज भी बरामद किए गए। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि आर्थिक तंगी के कारण वह गांजा तस्करी में शामिल हुआ था। उसे गांजा पहुंचाने के एवज में 50 हजार रुपये तय हुए थे, जिसमें 10 हजार रुपये अग्रिम मिले थे। पुलिस ने इस मामले में अन्य चार आरोपितों को वांछित घोषित किया है और उनकी तलाश जारी है। थाना रॉबर्ट्सगंज में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक रामस्वरूप वर्मा थाना रॉबर्ट्सगंज, उ.नि.राजेश जी चौबे प्रभारी एसओजी,उ.नि. उमाशंकर यादव चौकी प्रभारी लोढ़ी, उ.नि.विनोद कुमार यादव चौकी प्रभारी चुर्क, हे.कां.अवधेश प्रजापति,चंद्रकेश पांडेय,नंदलाल गौतम,अमरजीत यादव, कां.रूपेश कुमार, राम सिंह यादव थाना रॉबर्ट्सगंज,हे.कां. मनीष कुमार सिंह, सतीश कुमार सिंह,कां.अजीत कुमार,कां.अजीत यादव एसओजी शामिल थे।




