वाराणसी–शक्तिनगर मुख्य मार्ग से पकरी संपर्क मार्ग (न्यू कॉलोनी) तक बनने वाली सड़क का विधिवत शिलान्यास

सोनभद्र:-उत्तर प्रदेश सरकार की विकासपरक योजनाओं की श्रृंखला में आज वाराणसी–शक्तिनगर मुख्य मार्ग से पकरी संपर्क मार्ग (न्यू कॉलोनी) तक बनने वाली सड़क का विधिवत शिलान्यास एवं पूजन प्रभारी मंत्री रवीन्द्र जायसवाल द्वारा किया गया। कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री ने शिलापट्ट का अनावरण कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। शिलान्यास के पश्चात उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों एवं ठेकेदारों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सड़क निर्माण की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सरकार की मंशा साफ है कि जनता के धन का सदुपयोग हो और सड़कें टिकाऊ एवं गुणवत्तापूर्ण बनें।
प्रभारी मंत्री ने मुख्यमंत्री के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि विकास कार्यों में जीरो टॉलरेंस नीति लागू है। यदि निर्माण सामग्री अथवा कार्य की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की धांधली पाई जाती है, तो संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सड़कों का मजबूत जाल बिछाना सरकार की प्राथमिकता है, जिससे अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति को भी सुगम आवागमन की सुविधा प्राप्त हो सके। इस अवसर पर विधायक सदर भूपेश चौबे एवं भाजपा जिलाध्यक्ष नन्दलाल गुप्ता भी उपस्थित रहे। लगभग 2.5 किलोमीटर लंबा यह संपर्क मार्ग, मेन रोड से न्यू कॉलोनी तक लंबे समय से क्षेत्रवासियों की मांग रहा है। इसके निर्माण से स्थानीय निवासियों एवं राहगीरों को जर्जर मार्ग से निजात मिलेगी। शिलान्यास कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे, जिन्होंने इस विकासात्मक सौगात के लिए सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।



