
सोनभद्र । परमहंस पब्लिक स्कूल, कबरी में शनिवार को नवरात्रि एवं विजयदशमी के उपलक्ष्य में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान नन्हे-मुन्ने बच्चों ने मनमोहक झांकियां प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों ने भारतीय संस्कृति, नारी सम्मान और सत्य की विजय का संदेश दिया।कार्यक्रम में शिक्षकों एवं शिक्षिकाओं ने कन्या पूजन कर बालिकाओं के प्रति सम्मान का भाव जागृत करने और समाज में उनके प्रति व्याप्त भेदभाव को दूर करने का संदेश दिया। बच्चियों ने मां दुर्गा के नौ स्वरूपों का अभिनय कर नारी शक्ति का परिचय दिया।

उन्होंने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से संदेश दिया कि नारी जहां ममता और करुणा की प्रतिमूर्ति है, वहीं आवश्यकता पड़ने पर शक्ति का स्वरूप धारण कर अन्याय के विरुद्ध खड़ी भी हो सकती है।इसके साथ ही बच्चों ने सीता हरण एवं रावण वध की लीला प्रस्तुत कर अन्याय पर न्याय, अधर्म पर धर्म और असत्य पर सत्य की विजय का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं से जुड़ने की प्रेरणा दी।बच्चों को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रबंधक धर्मवीर तिवारी ने कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों से बच्चों की मानसिक और बौद्धिक क्षमता का विकास होता है। साथ ही उनमें सामाजिक सद्गुण, नैतिक मूल्यों और आपसी सम्मान की भावना भी विकसित होती है। उन्होंने कहा कि बच्चों को शिक्षा के साथ संस्कार देना भी आवश्यक है, ताकि वे एक जिम्मेदार नागरिक बन सकें।इस अवसर पर श्रवण कुमार पाण्डेय, अनुराग त्रिपाठी, कृष्ण देव, सगीर खान, मनीष दूबे, संदीप, अमिताभ बच्चन, शशि पटेल, चंद्रभान देव, राजू प्रसाद, पूजा सिंह, निधि सिंह, पूजा पाण्डेय, श्वेता सिंह, पूजा भारती, पायल सोनी, नेहा, श्रेया पाण्डेय एवं वैष्णवी सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।




