यूपीसोनभद्र

दो फीट ऊंची नाली पर सपा नेता ने उठाए सवाल, बोले—जनता के पैसे की बर्बादी का हिसाब दे नगर पालिका

हाईडिल फील्ड से कांशीराम आवास तक नाली निर्माण की उच्चस्तरीय जांच की मांग, जल निकासी की व्यवस्था पर भी उठे सवाल

सोनभद्र। आदर्श नगर पालिका परिषद वार्ड नंबर 8 के हाईडिल फील्ड से कांशीराम आवास तक सड़क किनारे नगर पालिका द्वारा हाल ही में कराए गए नाली निर्माण को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा ने भाजपा सरकार और स्थानीय प्रशासन पर निशाना साधा है। उन्होंने नाली के निर्माण को लेकर जल निकासी की व्यवस्था, तकनीकी योजना और निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

पूर्व विधायक ने मौके का जायजा लेने के बाद कहा कि कुछ माह पूर्व नगर पालिका द्वारा सड़क के किनारे करीब दो फीट ऊंची नाली का निर्माण कराया गया है। उनका सवाल है कि नाली में आने वाले पानी की निकासी आखिर किस दिशा में होगी। उन्होंने कहा कि यदि नाली का पानी सड़क पर ही छोड़ा जाएगा तो इससे जलभराव और आवागमन की समस्या पैदा होगी।अविनाश कुशवाहा ने आरोप लगाया कि बिना समुचित ड्रेनेज प्लान और तकनीकी सर्वे के इस तरह का निर्माण कराकर जनता के धन का दुरुपयोग किया गया है। उन्होंने कहा कि नाली की ऊंचाई के कारण सड़क की पटरी भी प्रभावित हुई है और राहगीरों के लिए दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।उन्होंने कहा कि इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में आम नागरिकों के साथ राजस्व विभाग के अधिकारी और कर्मचारी भी आवागमन करते हैं। ऐसे में निर्माण के बाद भी जल निकासी की व्यवस्था स्पष्ट नहीं होना गंभीर विषय है। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, डिजाइन, स्वीकृति और भुगतान प्रक्रिया की जांच कराने की मांग की।पूर्व विधायक ने मांग की कि हायडिल फील्ड से कांशीराम आवास तक बनी नाली के निर्माण की निष्पक्ष तकनीकी जांच कराई जाए। साथ ही जल निकासी की वैज्ञानिक व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए आवश्यकतानुसार नाली का स्तर सड़क के अनुरूप किया जाए। उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की भी मांग की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!