धान क्रय केंद्र बंद होने के विरोध में रालोद का ज्ञापन, दो दिन में समाधान न हुआ तो आंदोलन

सोनभद्र:-जनपद में हाट शाखा एवं पीसीएफ के बंद पड़े धान क्रय केंद्रों को पूर्ण क्षमता के साथ चालू कराने की मांग को लेकर राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के जिलाध्यक्ष श्रीकांत त्रिपाठी ने बुधवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने प्रशासन से किसान हित में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की। ज्ञापन में अवगत कराया गया कि जनपद के चतरा, रामगढ़, नगवां एवं घोरावल विकासखंडों में निवासरत बड़े, मध्यम एवं सीमांत किसानों की आजीविका का मुख्य आधार कृषि है। धान एवं गेहूं की सरकारी खरीद किसानों के लिए अत्यंत आवश्यक है, किंतु शासन की प्रतिकूल नीतियों एवं अधिकारियों की उदासीनता के चलते किसान लगातार उपेक्षा का शिकार हो रहे हैं। रालोद जिलाध्यक्ष श्रीकांत त्रिपाठी ने कहा कि प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री द्वारा किसानों की आय दोगुनी करने के संकल्प को मौजूदा क्रय व्यवस्था से गंभीर क्षति पहुंच रही है। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में सुनियोजित तरीके से धान क्रय व्यवस्था में बदलाव कर किसानों को नुकसान पहुंचाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि जनपद सोनभद्र की धान उत्पादकता मिर्जापुर जनपद से अधिक होने के बावजूद यहां का धान क्रय लक्ष्य अपेक्षाकृत कम निर्धारित किया गया है। 14 जनवरी 2026 से अधिकांश क्रय केंद्रों के कांटे बंद कर दिए गए हैं, जबकि कुछ केंद्रों पर मात्र 50 से 75 कुंतल प्रतिदिन की नाममात्र खरीद की जा रही है। श्री कांत त्रिपाठी ने कहा कि विगत वर्षों की तुलना में इस वर्ष लगभग 33 प्रतिशत अधिक धान उत्पादन हुआ है, इसके बावजूद लक्ष्य में नाममात्र की वृद्धि किसानों के शोषण को दर्शाती है। उन्होंने मांग की कि दो कार्यदिवस के भीतर सभी बंद धान क्रय केंद्रों को प्रतिदिन 300 कुंतल की क्षमता के साथ चालू कराया जाए, अन्यथा राष्ट्रीय लोक दल आंदोलन के लिए बाध्य होगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला महामंत्री रोहित सिंह, जिला उपाध्यक्ष चंद्रशेखर विश्वकर्मा, भोला बाबा सहित अन्य पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।विकास पाण्डेय जिला मीडिया प्रभारी, रालोद सोनभद्र




