सोनभद्र में ग्राम पंचायत विकास योजना पर एक दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न
ब्लाक रिपोर्टर-विष्णु कुमार कुशवाहा

सोनभद्र-पंचायती राज विभाग के सभागार में ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान, पंचायत सहायक, सचिव एवं पंचायत सदस्य बड़ी संख्या में शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत राज अधिकारी राजेश कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके पश्चात प्रशिक्षक रोहित कुमार त्रिपाठी, संदीप कश्यप एवं अंजली पांडेय ने ग्राम पंचायत विकास योजना की रूपरेखा, कार्यप्रणाली तथा विकास के प्रमुख लक्ष्यों पर विस्तार से जानकारी दी।वरिष्ठ फैकल्टी हेड राजेश कुमार त्रिपाठी ने कहा कि वर्तमान समय में ग्राम पंचायत विकास योजना की प्रभावी कार्यप्रणाली को बढ़ावा देना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सतत विकास लक्ष्यों की नौ थीमों में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर बल दिया, जिससे महिला सशक्तिकरण को नई दिशा मिलेगी। सहायक फैकल्टी हेड राहुल पांडेय ने अधिक से अधिक जनप्रतिनिधियों से प्रशिक्षण कार्यक्रमों में भाग लेने की अपील की। कार्यक्रम में प्रतिभागियों के लिए नाश्ता एवं भोजन की समुचित व्यवस्था इंटिको प्राइवेट लिमिटेड द्वारा की गई। इस अवसर पर एजेंसी के संचालक सादिक अंसारी सहित गुलशन, विवेक मिश्रा, सूर्यकांत, विकास एवं सैकड़ों प्रतिभागी उपस्थित रहे।




