महुली में फुटबॉल का महासंग्राम, डंडई झारखंड व गया बिहार की शानदार जीत
महुली सोनभद्र(राकेश कुमार कन्नौजिया)_

महुली में फुटबॉल का महासंग्राम, डंडई झारखंड व गया बिहार की शानदार जीत
महुली सोनभद्र(राकेश कुमार कन्नौजिया)_
दुद्धी क्षेत्र के महुली खेल मैदान पर चल रहे 78वें श्री राजा बरियार शाह अंतर्राज्यीय फुटबॉल टूर्नामेंट के दूसरे दिन खेल प्रेमियों को जबरदस्त रोमांच देखने को मिला। सुबह से ही मैदान दर्शकों से खचाखच भरा रहा। तालियों, नारों और सीटियों की गूंज ने पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया।
खेल प्रारंभ होने से पूर्व आरबीएस क्लब के खेल प्रभारी दिलीप कुमार कन्नौजिया, प्रबंधक क्लामुदीन सिद्दीकी एवं उपाध्यक्ष वीरेंद्र कन्नौजिया ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। राष्ट्रगान के बाद मुकाबलों की शुरुआत हुई।
पहला मैच डंडई (झारखंड) और सासाराम (बिहार) के बीच खेला गया। डंडई झारखंड की टीम ने शुरू से ही आक्रामक खेल दिखाया। पहले हाफ में 15 नंबर जर्सी के अंकित सिंह ने पहला गोल किया, वहीं 10 नंबर जर्सी के सी.बी. सिंह ने दूसरा गोल दागा। दूसरे हाफ में 12 नंबर जर्सी के अरुण सिंह ने तीसरा गोल किया और सी.बी. सिंह ने चौथा गोल कर टीम को 4–0 से शानदार जीत दिलाई। सासाराम की टीम खाता भी नहीं खोल सकी।

दूसरा मुकाबला गया (बिहार) और अनपरा (उत्तर प्रदेश) के बीच खेला गया। पहले हाफ में दोनों टीमों ने गोल के कई प्रयास किए, लेकिन सफलता नहीं मिली। दूसरे हाफ में गया बिहार के खिलाड़ी ने निर्णायक गोल कर टीम को 1–0 की बढ़त दिलाई। अंत तक चले संघर्ष में अनपरा की टीम बराबरी नहीं कर सकी और गया बिहार ने मुकाबला जीतकर अगले चक्र में प्रवेश किया।
मैच के रेफरी दीपक कुमार सिंह रहे। सहायक निर्णायक राजनाथ गोस्वामी, राजकपूर कन्नौजिया एवं विजेंदर कुमार कन्नौजिया रहे, जबकि स्कोरर सचिव कमलेश विश्वकर्मा थे। इस अवसर पर समिति के संरक्षक रामकेश जायसवाल, अध्यक्ष अरविंद जायसवाल ग्राम प्रधान महुली प्रबंधक मनोज कुमार कन्नौजिया, उपाध्यक्ष अमरेश कुमार कन्नौजिया, पंकज कन्नौजिया, अमानुल्लाह, सूरज कुमार, अभिरंजन कुमार सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।





