पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 18 भैंसें व वाहन जब्त

बीजपुर (सोनभद्र)। स्थानीय थाना क्षेत्र से सटे छत्तीसगढ़ के बसंतपुर थाना पुलिस को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली कि यूपी 70 एमटी 6009 नंबर के वाहन से अंबिकापुर की ओर से उत्तर प्रदेश की तरफ मवेशियों को ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर बसंतपुर पुलिस ने तत्काल जांच और घेराबंदी शुरू की। जांच के दौरान संदिग्ध वाहन आते हुए दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही चालक ने वाहन की गति बढ़ा दी और मौके से भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने पीछा करते हुए उत्तर प्रदेश सीमा में बीजपुर थाना क्षेत्र के बखरिहवा इलाके में वाहन को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान वाहन से क्रूरतापूर्वक लदी 18 भैंसें बरामद की गईं।
पुलिस ने भैंसों सहित वाहन को जब्त करते हुए चालक के खिलाफ कार्रवाई की है। मामले में आगे की विधिक जांच जारी है। इस संयुक्त कार्रवाई में छत्तीसगढ़ पुलिस के साथ उत्तर प्रदेश के बीजपुर थाना की टीम भी शामिल रही। पुलिस का कहना है कि पशु तस्करी के मामलों में लगातार सख्ती बरती जा रही है और इस तरह की अवैध गतिविधियों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।





