महुली खेल मैदान की लाइटें महीनों से बंद, पूरा क्षेत्र अंधेरे में डूबा, खिलाड़ी, यात्री और बाजार—तीनों परेशान
उपेंद्र तिवारी महुली/दुद्धी/सोनभद्र

महुली। क्षेत्र के प्रमुख खेल मैदान में लगी हाईमास्ट लाइटें कई महीनों से खराब होने के बावजूद मरम्मत न होने से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। स्थिति यह है कि लाइटें मौजूद होते हुए भी शाम ढलते ही पूरा मैदान गहरे अंधेरे में तब्दील हो जाता है, जिसका असर आसपास के महुली बाजार तक दिखाई देता है।

शाम के समय खिलाड़ी जब अभ्यास के लिए मैदान पहुँचते हैं तो उन्हें पूरी तरह अंधेरा मिलता है। खिलाड़ियों ने बताया कि अंधेरे में अभ्यास करना न सिर्फ जोखिम भरा है बल्कि प्रदर्शन पर भी सीधा असर डालता है। इसी तरह सुबह अभ्यास करने वाले युवाओं और खिलाड़ियों को भी काले धुंधलके में खेलना पड़ता है।

लाइट खराब होने की समस्या का दायरा इतना बढ़ गया है कि इसका असर बस स्टैंड तक पहुँच गया है। रोज़ाना सुबह और शाम बस स्टैंड पर यात्रियों को अंधेरे में ही वाहन का इंतजार करना पड़ता है, जिससे सुरक्षा को लेकर भी चिंता का माहौल बना रहता है। दुकानदार भी बताते हैं कि बाजार में अंधेरा होने से लोगों की आवाजाही कम हो गई है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर खेल मैदान की लाइटें दुरुस्त कराने और बाजार क्षेत्र में पर्याप्त रोशनी व्यवस्था बहाल करने की मांग की है, ताकि खिलाड़ियों का अभ्यास निर्बाध हो सके और बाजार तथा बस स्टैंड आने-जाने वालों को राहत मिल सके।




