महुली बस स्टैंड पर ठंड का प्रकोप: अलाव की व्यवस्था न होने से यात्रियों की बढ़ी परेशानी, ग्रामीणों ने उठाई आवाज
उपेंद्र तिवारी महुली/दुद्धी/सोनभद्र

महुली/दुद्धी/सोनभद्र। विंढमगंज थाना क्षेत्र के महुली बस स्टैंड पर इस समय कड़ाके की ठंड ने लोगों की दिनचर्या प्रभावित कर दी है। सुबह और शाम के समय बस का इंतजार कर रहे यात्री कांपते हुए दिखाई देते हैं, लेकिन इसके बावजूद बस स्टैंड परिसर में अलाव की कोई भी व्यवस्था अब तक नहीं की गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर वर्ष इस समय प्रशासन द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर अलाव की व्यवस्था की जाती थी, ताकि यात्रियों और आम लोगों को ठंड से राहत मिल सके, लेकिन इस वर्ष स्थिति बिल्कुल विपरीत है।

यात्रियों का कहना है कि बसें देर से मिलती हैं, ऐसे में लंबे समय तक खुले में खड़े रहना मजबूरी है। ठंड बढ़ने से बुजुर्ग, महिलाएं और छात्र सबसे ज्यादा परेशान हैं। महुली बस स्टैंड पर दुकानदारों ने भी बताया कि ठंड के चलते सुबह-सुबह ग्राहक कम दिखाई देते हैं और जो आते भी हैं वे अलाव न होने से मुश्किल में रहते हैं।

स्थानीय निवासी अशोक कुमार, राजेश कुमार गुप्ता, दिनेश कुमार, जोगेंद्र कुमार, हरिदास गुप्ता, विजय कुमार सहित अन्य लोगों ने बताया कि महुली क्षेत्र में ठंड पिछले एक सप्ताह से लगातार बढ़ रही है, लेकिन प्रशासन की तरफ से कोई पहल नजर नहीं आ रही। लोगों ने यह भी कहा कि यदि प्रशासन जल्द व्यवस्था नहीं करेगा तो ठंड के कारण किसी अनहोनी की भी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

ग्रामीणों ने तहसील प्रशासन से मांग की है कि महुली बस स्टैंड, बाजार क्षेत्र और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर तत्काल अलाव की व्यवस्था कराई जाए, ताकि यात्रियों को राहत मिल सके और आमजन सुरक्षित रह सकें।




