सोनभद्र में झुका हाईटेंशन खंभा बना खतरा, धर्मशाला–घोरावल मार्ग पर कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा
ब्लॉक रिपोर्टर-विष्णु कुमार कुशवाहा

सोनभद्र:-जनपद सोनभद्र के रावर्टसगंज ब्लॉक के धर्मशाला–घोरावल मार्ग पर बरैला महादेव मंदिर के पास मुख्य सड़क किनारे लगा हाईटेंशन बिजली का खंभा गंभीर खतरे का कारण बन गया है। खंभा काफी हद तक झुक चुका है और किसी भी समय गिर सकता है, जिससे बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों के अनुसार यह खंभा वर्षों पहले हाईटेंशन लाइन के लिए लगाया गया था, लेकिन समय के साथ इसकी स्थिति जर्जर हो गई है। कई बार शिकायत करने के बावजूद बिजली विभाग ने स्थायी समाधान करने के बजाय केवल अस्थायी सहारा देकर औपचारिकता पूरी कर दी। इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में राहगीर, श्रद्धालु और वाहन चालक गुजरते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर पल खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि खंभे को तत्काल बदला जाए या सुरक्षित रूप से दुरुस्त किया जाए, ताकि किसी अनहोनी से पहले इस खतरे को टाला जा सके।



