रॉबर्ट्सगंज के वीरांगना विद्या मंदिर में एमआर टीकाकरण दिवस आयोजित, 50 बच्चों को लगा खसरा-रूबेला टीका

सोनभद्र- रॉबर्ट्सगंज वीरांगना विद्या मंदिर स्कूल में कचहरी के पास एमआर (खसरा-रूबेला) टीकाकरण दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत कक्षा 1 से 5 तक के बच्चों को एमआर टीका लगाया गया। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित खसरा-रूबेला उन्मूलन अभियान के अंतर्गत विद्यालयों में विशेष टीकाकरण सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान का उद्देश्य खसरा और रूबेला जैसी संक्रामक बीमारियों को जड़ से समाप्त करना है, जो बच्चों में निमोनिया, दस्त, अंधापन, बहरापन, मानसिक कमजोरी और जन्मजात हृदय रोग जैसी गंभीर समस्याएं पैदा कर सकती हैं।
कार्यक्रम में एएनएम सरोज कुमारी ने बच्चों को टीका लगाया। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि समय पर टीकाकरण कराकर बच्चों को गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखा जा सकता है। उन्होंने नारा दिया खसरा-रूबेला बीमारी को हटाएंगे, एमआर का टीका जरूर लगवाएंगे।विद्यालय की प्रधानाचार्य मनोरमा चतुर्वेदी ने बताया कि अब तक लगभग 50 बच्चों का टीकाकरण किया जा चुका है और शेष बच्चों को भी जल्द ही टीका लगाया जाएगा। विद्यालय प्रशासन का लक्ष्य है कि कोई भी बच्चा टीकाकरण से वंचित न रहे। इस अवसर पर शिक्षक शिव कुमार, पूजा, रजिया खातून, शिवांगी सहित अनेक अभिभावक और बच्चे मौजूद रहे।




