सपा कार्यकर्ताओं ने 27 शंख बजाकर महंगाई व बेरोज़गारी के खिलाफ किया प्रदर्शन

सोनभद्र:-आज दिनांक 27 जनवरी 2026 को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा स्वर्ण जयंती चौक रावर्टसगंज पर महंगाई, बेरोज़गारी, महिला अपराध, अधर्म, अनीति एवं दुराचार के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने 27 शंख बजाकर सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहे सपा जिला सचिव प्रमोद यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में अधर्म, अनीति और दुराचार चरम पर है। प्रदेश में महंगाई लगातार बढ़ रही है, युवा बेरोज़गार हैं और महिला अपराधों में तेज़ी से इज़ाफा हुआ है। उन्होंने कहा कि माघ मेले में साधु-संतों के साथ जिस तरह का व्यवहार किया गया, वह बेहद निंदनीय है और इससे साफ़ जाहिर होता है कि यह सरकार सनातन विरोधी है। सपा नेता मनीष त्रिपाठी ने कहा कि भाजपा सरकार में प्रयागराज में छोटे-छोटे बटुकों के साथ की गई मारपीट इतिहास के पन्नों में एक काले अध्याय के रूप में दर्ज की जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सरकार जाति को जाति से लड़ाकर सत्ता हथियाने का काम कर रही है और ऐसी सरकार को सत्ता में बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।इस मौके पर पूर्व नगर उपाध्यक्ष सुरेश अग्रहरी, कमलेश यादव, गोपाल गुप्ता, अनिल यादव, जितेंद्र पाल, दीपक सिंह, रोहित भारती, जुनैद अंसारी, लालू भारती एवं अरविंद पटेल सहित अनेक सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।




