यूपीलोकल न्यूज़सोनभद्र

महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा हेतु सोनभद्र पुलिस का सघन जन-जागरूकता अभियान

सोनभद्र। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं आत्मनिर्भरता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से मिशन शक्ति अभियान 5.0 के अंतर्गत जनपद सोनभद्र में सोनभद्र पुलिस द्वारा सघन जन-जागरूकता एवं जन-संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँच बनाते हुए महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा पुलिस द्वारा उपलब्ध सहायता संसाधनों के प्रति जागरूक करना रहा।
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र श्री अभिषेक वर्मा के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी यातायात डॉ. चारु द्विवेदी (सहायक नोडल अधिकारी—मिशन शक्ति 5.0) के नेतृत्व में जनपद के समस्त थानों की मिशन शक्ति टीमों द्वारा विद्यालयों, महाविद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों, बाजारों एवं प्रमुख चौराहों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कार्यक्रमों के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को साइबर अपराधों से बचाव, घरेलू हिंसा, छेड़छाड़, कार्यस्थल पर उत्पीड़न जैसे विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही आपात स्थितियों में त्वरित पुलिस सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया, विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं की उपयोगिता तथा आत्मरक्षा से संबंधित व्यावहारिक सुझाव भी साझा किए गए।
मिशन शक्ति टीमों द्वारा महिलाओं को बिना किसी भय के पुलिस से संपर्क करने, अपनी समस्याओं को खुलकर साझा करने तथा किसी भी प्रकार की घटना की सूचना तत्काल देने हेतु प्रेरित किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इस अवसर पर महिलाओं को 112 आपातकालीन सेवा, 1090/1091 महिला सुरक्षा हेल्पलाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 1930 साइबर अपराध हेल्पलाइन तथा 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की जानकारी दी गई।

सोनभद्र पुलिस ने जनसामान्य से अपील की है कि महिलाओं एवं बालिकाओं से संबंधित किसी भी आपात स्थिति अथवा अपराध की सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस थाना या हेल्पलाइन नंबरों पर दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!