यूपीलोकल न्यूज़सोनभद्र

युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, परिजनों ने हत्या का लगाया आरोप

विष अमृत समाचार रेणुकूट

रेणुकूट। स्थानीय पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत चाचा कॉलोनी के समीप मंगलवार की भोर में एक युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर शव को कब्जे में ले लिया है, जबकि परिजनों ने युवक की हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर देकर विस्तृत जांच की मांग की है। मिली जानकारी के अनुसार, रेणुकूट के शिवा पार्क निवासी गौरीशंकर राजभर (26 वर्ष) पुत्र जितेंद्र राजभर का शव मंगलवार की भोर लगभग 1 बजे रेलवे ट्रैक पर मिला। रेलवे लाइन के पास शव मिलने की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची और पंचनामा भरकर शव को कब्जे में ले लिया। बाद में परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी गई। मृतक के पिता जितेंद्र राजभर ने पुलिस को दी तहरीर में गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि उनके पुत्र गौरीशंकर का बीते दो वर्षों से दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के कटौली निवासी मानकुंवर नामक एक महिला से संबंध था। इस संबंध को लेकर कई बार थाने में पंचायत भी हो चुकी थी।

आरोप है कि उक्त महिला कई बार उनके घर में घुसकर झगड़ा करती थी और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दे चुकी थी। पिता के अनुसार, सोमवार की रात उनका बेटा घर नहीं लौट रहा था। उन्होंने जब फोन लगाया तो उक्त महिला ने ही कॉल रिसीव किया और बताया कि “गौरीशंकर सो रहा है”, लेकिन उसने उनके लडके गौरी शंकर से बात नहीं कराई। इसी बीच, देर रात लगभग 1:30 बजे किसी व्यक्ति ने उन्हें सूचना दी कि गौरीशंकर का शव रेलवे लाइन पर पड़ा हुआ है। परिजन जब मौके पर पहुँचे तो पुलिस भी वहाँ मौजूद थी और शव को कब्जे में लेकर अस्पताल में रखवा दिया गया था।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर महिला सहित अन्य सम्भावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच होगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है। परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं और पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की जाएगीl

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!