
नीतीश कुमार के नेतृत्व में बनी नई सरकार में जदयू ने अपने अनुभवी मंत्रियों को बरकरार रखा है। भाजपा ने युवा चेहरों को मौका दिया है। रालोमो से उपेंद्र कुशवाहा के पुत्र दीपक प्रकाश मंत्री बने हैं, जबकि हम से संतोष सुमन ने शपथ ली। लोजपा (रा) के दो नेताओं को भी मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है। भाजपा ने अपने पुराने नेताओं को भी जगह दी है।
भुवनेश्वर वात्स्यायन, पटना। नीतीश कुमार के नेतृत्व में जिस नई सरकार ने गुरुवार को गांधी मैदान में शपथ लिया उसमें रिन्यूअल मोड अधिक दिखा। जदयू के जिन आठ मंत्रियों ने शपथ ली उनमें एक भी नए नहीं हैं। भाजपा ने कई नए चेहरे को मौका दिया। इस क्रम में युवा चेहरे को आगे किया गया। रालोमो ने अपने कोटे से जिस युवा को मंत्री पद के लिए आगे किया उसने राजनीतिक गलियारे को चौंकाया।

उपेंद्र कुशवाहा के पुत्र दीपक प्रकाश को मंत्री पद मिला जो किसी भी सदन में नहीं है। हम ने पूर्व की तरह संतोष सुमन का नाम मंत्री पद के लिए तय किया। शपथ लेने के बाद संतोष सुमन ने मंच पर मौजूद अपने पिता जीतन राम मांझी का चरण स्पर्श किया। लोजपा (रा) ने अपने कोटे से दो लोगों को मंत्री बनवाया। दोनों चिराग पासवान के विश्वस्त माने जाते हैं।
जदयू का रिन्यूअल मोड
मंत्रिमंडल के गठन में जदयू और हम का रिन्यूअल मोड दिखा। जदयू कोटे से आठ मंत्री बने। इनमें सात तो नीतीश कुमार की सरकार में लगातार मंत्री रहे हैं। विजय चौधरी, बिजेंद्र यादव, श्रवण कुमार, अशोक चौधरी, लेशी सिंह, मदन सहनी व सुनील कुमार अलग-अलग महकमों में मंत्री के रूप में रहे हैं।
जमां खान भी नीतीश कुमार की पिछली सरकार में मंत्री रहे हैं। जदयू के रिन्यूअल मोड में अनुभवी मंत्रियों की संख्या अधिक है। हम ने भी अपने को रिन्यूअल मोड में रखा। संतोष सुमन फिर से नीतीश कुमार के मंत्रिमंडल में जगह मिली है।

नीतीश कैबिनेट में 10 नए चेहरे, 19 पुराने मंत्रियों का पत्ता कटा
उपेंद्र के बेटे की वजह से हो गया ‘खेला’, इस दिग्गज नेता को कैबिनेट में नहीं मिली जगह
वैशाली जिले में 8 विधानसभा सीट, 9 MLA और 4 बन गए नीतीश सरकार में मंत्री
सॉफ्टवेयर इंजीनियर दीपक प्रकाश बने मंत्री, एनडीए सरकार का युवा चेहरा
नीतीश कैबिनेट में नए चेहरों की क्यों पड़ी जरुरत? JDU नेता ने किया क्लियर
भाजपा ने नए चेहरों को दी जगह
भाजपा ने नीतीश कुमार के नए मंत्रिमंडल में नए चेहरों को आगे किया है इनमें कई युवा नाम भी शामिल है। श्रेयसी सिंह का नाम नए चेहरे में पहले नंबर पर है। रमा निषाद भी नए चेहरे के रूप में है। लखेंद्र कुमार रौशन, अरुण शंकर प्रसाद, संजय टाइगर व डॉ. प्रमोद कुमार पहली बार मंत्री बने हैं।

भाजपा ने अपने पुराने चेहरे के रूप में सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, मंगल पांडेय व सुरेंद्र मेहता के स्थान को बरकरार रखा। नारायण प्रसाद भी मंत्री रहे हैं। एक बार फिर उन्हें मंत्री पद की जिम्मेदारी दी गयी है। डॉ. दिलीप जायसवाल फिर से मंत्री बनाए गए हैं। रामकृपाल यादव केंद्र में मंत्री रह चुके हैं।



